गोरखपुर से आई विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम ने रामकोला थाना क्षेत्र के सिंगहा स्थित एक मकान में छापा मारा, जहां एक किलोवाट की जगह पांच किलोवाट का लोड मिला। उस मकान के ऊपर एक बैंक संचालित होते पाया गया, जिसमें बिना कनेक्शन के बिजली का उपभोग किया जा रहा था। टीम ने भवन मालिक के खिलाफ रामकोला थाने में बिजली चोरी का केस दर्ज कराया।
गोरखपुर से विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम के जेई वेद प्रकाश यादव और प्रभारी निरीक्षक जयविजय सिंह ने रामकोला थाना क्षेत्र के सिंगहा में एक व्यक्ति के मकान में छापा मारा। टीम में शामिल प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मकान मालिक ने एक किलोवाट का कनेक्शन लिया था, लेकिन उसने मकान की ऊपरी मंजिल पर पूर्वांचल ग्रामीण बैंक को इसी से कनेक्शन दे रखा था।
जांच में बैंक की तरफ से चार किलोवाट अधिक लोड पाया गया। इसलिए मकान मालिक सतीश शाही के खिलाफ रामकोला थाने में बिजली चोरी की तहरीर दी गई। इस संबंध में रामकोला के एसओ सौदागर राय का कहना था कि बिजली विभाग की तहरीर पर मकान मालिक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।