जौरा बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक द्वारा बीते शुक्रवार को सोशल मीडिया पर आत्महत्या के प्रयास का वीडियो वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आनन फानन में देर रात युवक का पता कर घर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों के बीच युवक को कुशल देख चैन की सांस ली। परिवार व युवक को समझाया और भविष्य में इस तरह का कार्य न करने की हिदायत दी।
किशुनदास पट्टी निवासी 26 वर्षीय सैफ अंसारी ने अपने दोस्त को इंस्टाग्राम आईडी बनाने के लिए कुछ रुपये दिए थे। आईडी नहीं बनाने पर कुछ दिन बाद रुपये वापस मांगने लगा। रुपये लौटाने के बजाए दोस्त टाल मटोल करने लगा। इससे परेशान होकर शुक्रवार को युवक फांसी का फंदा बनाकर उक्त घटना का जिक्र कर मौत की जिम्मेदारी दोस्त को बताते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वॉयरल कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही तुर्कपट्टी पुलिस शुक्रवार की शाम को पता लगाकर युवक के घर पहुंची। घर पर युवक सुरक्षित मिला। शिक्षामित्र को समझाने के बाद पुलिस लौट गई। वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। मधुरिया चौकी प्रभारी चंदन प्रजापति ने बताया कि मामले की जानकारी होते ही हमलोग शिक्षामित्र के घर पहुंचकर उसको समझाया।