दुदही। क्षेत्र के गौरी जगदीशपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का बृहस्पतिवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विद्यालय के दो बच्चे स्कूल का कूड़ा बाहर फेंकते नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई। किसी ने एक्स पर पोस्ट कर दिया। पोस्ट देख डीएम ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीईओ ने प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियों की पुष्टि नहीं करती है।
प्राथमिक विद्यालय गौरी जगदीश का वायरल हो रहे वीडियो में दो बच्चे डस्टबिन का कूड़ा बाहर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही लोगों ने स्कूल प्रशासन पर बच्चों से कूड़ा फेकवाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। किसी ने इस वीडियो को एक्स पर पोस्ट कर दिया। इस मामले डीएम ने संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए दुदही बीईओ रीता गुप्ता ने हेडमास्टर को नोटिस जारी किया है। मामले में स्कूल के हेडमास्टर कृष्णा मद्धेशिया ने सफाई देते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में बच्चों ने किचन गार्डन की क्यारियां बनाई गई हैं, जिनका रखरखाव बच्चे ही करते हैं। ताकि उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित हो सके। उन्होंने बताया कि आंधी के कारण क्यारियों में सूखे पत्ते और कूड़ा जमा हो गया था, जिसे साफ कर बच्चे बाहर फेंकने गए थे। इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।