दुदही में गाड़ी पर काफी किताब लदवाते स्कूली बच्चे। स्रोत -सोशल मीडिया
दुदही। बीआरसी परिसर में स्कूली बच्चों से पाठ्यपुस्तकों की ढुलाई और वाहन में लोडिंग कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विभाग की तरफ से जांच के निर्देश दिए हैं। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दुदही बीआरसी परिसर में स्कूली बच्चे नई किताबों का बंडल उठाकर वाहन में रखते दिख रहे हैं। जबकि नियमानुसार बीआरसी से परिषदीय विद्यालयों तक पाठ्यपुस्तकों की ढुलाई और वितरण की जिम्मेदारी संबंधित फर्म की होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा ग्रहण करने आए बच्चों से इस प्रकार का श्रम कराना न केवल अनुचित है, बल्कि यह बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से जुड़े नियमों का भी उल्लंघन है। इस संबंध में दुदही बीईओ रीता गुप्ता ने बताया कि बीआरसी तक किताबें पहुंचाने और वहां से विद्यालयों तक वितरण कराने की पूरी जिम्मेदारी संबंधित फर्म की होती है। वायरल वीडियो की गहन जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या संबंधित फर्म की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।