बदमाशों ने पशु चिकित्सक की गोली मारकर हत्या की
गोपालगंज जिले के राजापुर की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
तरयासुजान। सीमावर्ती बिहार प्रांत के राजापुर में शुक्रवार को बदमाशों ने एक पशु चिकित्सक की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग वहां पहुंचते, बदमाश भाग निकले। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची गोपालपुर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पड़ोसी प्रांत बिहार के गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित तारा नरहवा गांव निवासी नन्हकू राय (40) शुक्रवार की शाम राजपुर स्थित अपने बथान (घोठा) पर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और पीछे से कनपटी से सटा कर फायर कर दिया। गोली लगते ही पशु चिकित्सक की मौके पर मौत हो गई। गोली की आवाज सुन आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोग जब तक मामले को समझ पाते बदमाश वहां से भाग निकले। सूचना पर मौके पर पहुंची गोपालपुर पुलिस मामले की छानबीन में लगी है।