पडरौना। गोरखपुर परिक्षेत्र के डीआईजी शिवासिम्पी चिनप्पा ने शुक्रवार को एसपी केशव कुमार के साथ थाना कोतवाली हाटा पहुंचकर मिशन शक्ति केन्द्र एवं साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महिलाओं से जुड़ी शिकायतों की प्रक्रिया, रजिस्टरों के रख-रखाव और साइबर शिकायतों के निस्तारण की मानिटरिंग को लेकर कई निर्देश दिए।
डीआईजी ने मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित शिकायत रजिस्टर, काउंसलिंग रजिस्टर और फॉलोअप रजिस्टर की गहन जांच करते हुए कुछ रजिस्टरों में पाई गई प्रक्रियागत कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया।
साइबर अपराध की शिकायतों, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर अपलोडिंग की स्थिति, पीड़ितों को दी जा रही प्रारंभिक सहायता और केस ट्रैकिंग की व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि प्रत्येक साइबर शिकायत को 24 घंटे के भीतर पोर्टल पर अपलोड किया जाए। पीड़ितों को तुरंत काउंसिलिंग और केस की ट्रैकिंग जानकारी दी जाए।