कुशीनगर में मतगणना के दौरान नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि कमल के फूल पर मुहर लगा हुआ था। उसी बैलेट पेपर पर हाथ के पंजे पर भी अंगूठे का निशान था। इसे लेकर सपा प्रत्याशी हैदर अली राइनी के समर्थक विजय पाल यादव ने उसे अस्वीकृत करने की अपील की।
इस पर भाजपा प्रत्याशी विनय जायसवाल ने कहा कि नियम के तहत यह वैलिड है। यह निर्वाचन आयोग के नियम में भी है। इसी बात को लेकर दोनों में ऊंची आवाज में बात शुरू हो गई। इसके बाद दोनों के समर्थक आपस में भिड़ गए। करीब दो मिनट तक हंगामे के चलते सभी बूथों पर मतगणना बंद रही। पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाया बुझाया। उसके बाद मतगणना शुरू हुई।
इसे भी पढ़ें : गोरखपुर निकाय चुनाव में सपा और निर्दल का खुला खाता, मेयर पद पर BJP आगे
बता दें कि कुशीनगर की तीन नगरपालिका अध्यक्ष और तीन पंचायतों के अध्यक्ष और सभासद पद के लिए चार मई को पड़े वोटों की गिनती आज सुबह आठ बजे से शुरू हुई। मतगणना पडरौना, कसया, हाटा, कप्तानगंज, खड्डा और तमकुहीराज में तहसील मुख्यालयों पर बने स्ट्रांग रूम/मतगणना स्थल पर हो रही है।
पडरौना और कप्तानगंज कुछ बूथों पर मतगणना थोड़ी देरी से शुरू हुई। हाटा में पुलिस ने मतगणना स्थल के बाहर भीड़ लगाए लोगों को खदेड़ा। अभी मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। 11 बजे तक जनपद के किसी भी नगरपालिका या नगर पंचायत के पहले चरण का चुनाव परिणाम घोषित नहीं हुआ है।
डीएम रमेश रंजन और एसपी धवल जायसवाल ने सुबह आठ बजे पडरौना सहित कप्तानगंज, कसया और अन्य मतगणनास्थलों का निरीक्षण किया तथा मतगणना शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें: शांतिपूर्ण मतगणना के लिए मिली जिम्मेदारियों को निभाएं सभी अधिकारी
पडरौना नगरपालिका में भाजपा उम्मीदवार विनय जायसवाल सपा के हैदर अली राइनी से आगे चल रहे हैं। अभी अधिकृत घोषणा नहीं हुई है। हाटा में सपा के रामानंद सिंह भाजपा के राजू मद्धेशिया से एक हजार वोट से आगे हैं। सुकरौली में निर्दल प्रत्याशी राजनेती कश्यप भाजपा के वरुण जायसवाल से चार वोट से आगे हैं। मथौली में सपा के राकेश यादव निर्दल प्रत्याशी पिंटू सिंह से 14 वोट से आगे हैं। सर, अभी कहीं भी पहले चरण की मतगणना की घोषणा नहीं हुई है।
कुशीनगर जिले में तीन नगरपालिका पडरौना, कुशीनगर और हाटा है। इनके अलावा दस नगर पंचायतें हैं, जिनका नाम सेवरही, तमकुहीराज, दुदही, फजिलनगर, कप्तानगंज, रामकोला, खड्डा, छितौनी, सुकरौली और मथौली है। इन सभी निकायों को मिलाकर अध्यक्ष के कुल 151 और सभासद के 1,703 उम्मीदवार हैं।पडरौना नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। पडरौना में भाजपा से विनय जायसवाल, सपा से हैदर अली राइनी, बसपा से सतीश कुशवाहा उम्मीदवार हैं। कुशीनगर में 27 और हाटा में 25 वार्ड हैं। पडरौना नगरपालिका क्षेत्र से भाजपा से विनय जायसवाल, सपा से हैदर अली राइनी, कांग्रेस से देशदीपक मिश्रा और बसपा से सतीश कुशवाहा प्रत्याशी हैं। कुशीनगर नगरपालिका में 27 वार्ड हैं। यहां से भाजपा की उम्मीदवार किरन जायसवाल, सपा की मुन्नी देवी और बसपा से सबिरा खातून प्रत्याशी हैं। हाटा नगरपालिका में 25 वार्ड हैं। यहां से भाजपा से राजू मद्धेशिया, सपा से रामानंद सिंह सैंथवार, कांग्रेस से सुनीता चौहान और बसपा से धर्मराज गुप्ता प्रत्याशी हैं।
पडरौना में अध्यक्ष के कुल दस और सभासद के 248, कुशीनगर में अध्यक्ष के 14 व सभासद के 219 तथा हाटा नगरपालिका में अध्यक्ष के कुल आठ तथा सभासद के 192 प्रत्याशी हैं।