पडरौना। माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं परीक्षा को लेकर प्रस्तावित केंद्रों की सूची बोर्ड ने जारी कर दी गई है। बोर्ड ने इस बार 149 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की है। प्रस्तावित सूची पर 14 नवंबर तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।
जिले में 22 राजकीय, 55 वित्तपोषित और 284 स्ववित्तपोषित समेत कुल 361 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा के लिए एक लाख से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर बोर्ड के साथ प्रशासन की तरफ से तैयारियां शुरू हो गई हैं। परीक्षा केंद्रों के संशोधित कार्यक्रम के तहत माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी कर दी है। पिछली बार कुशीनगर में 150 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार 149 केंद्रों की सूची आवंटित छात्र संख्या के साथ जारी की गई है।
प्रस्तावित सूची के मुताबिक, जिलेभर में परीक्षा केंद्रों का निर्धारण अधिकतम 12 किलोमीटर के दायरे में किया गया है। यानी 12 किलोमीटर के दायरे में शामिल स्कूलों के लिए एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्र के लिए जरूरी सुविधाओं को देखते हुए ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हुआ है।
27 को वेबसाइट पर अपलोड होगी केंद्रों की सूची
प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के संबंध में छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य व प्रबंधक कारणों व साक्ष्यों के साथ 14 नवंबर तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। 23 नवंबर तक आपत्तियों के निस्तारण के बाद 27 नवंबर तक छात्र आवंटन के साथ परीक्षा केंद्रों की सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। इसके बाद सूची पर दो दिसंबर तक फिर से आपत्तियां ली जाएंगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद सात दिसंबर तक परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा के लिए 149 परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी की गई है। परीक्षा केंद्रों एवं छात्र आवंटन में किसी भी प्रकार की आपत्ति अथवा शिकायत हो तो निर्धारित प्रारूप पर 14 नवंबर तक परिषद की वेबसाइट एवं जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में प्रत्यावेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। -रविंद्र सिंह, डीआईओएस।