पडरौना। यूपी बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को प्रथम पाली में 59 और द्वितीय पाली में सभी 152 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा हुई। इस परीक्षा के दौरान प्रथम पाली में 55 और द्वितीय पाली में 3259 समेत कुल 3314 परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा छोड़ दी है। परीक्षा के दौरान कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रथम पाली में जिले के 59 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली में हाईस्कूल की उर्दू की परीक्षा हुई। इसमें कुल 231 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 215 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 16 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। इसी तरह हाईस्कूल गुजराती, तलगू, कश्मीरी व मराठी की परीक्षा में पंजीकृत आठ में से दो परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि छह परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। दोनों विषय में मिलाकर कुल 21 अनुपस्थित रहे।
इसी तरह इंटर व्यवसायिक वर्ग की परीक्षा में पंजीकृत 687 में 654 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 33 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह प्रथम पाली में कुल 926 पंजीकृत में 871 शामिल हुए, जबकि 55 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि द्वितीय पाली की परीक्षा जिले के 152 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। इसमें इंटर की कक्षा का अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई, जिसमें 51305 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 48067 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3238 अनुपस्थित रहे।
इंटर कृषि में 292 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 271 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 21 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस पाली में कुल 3259 अनुपस्थित रहे। डीआईओएस ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न हुई है। किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया है।