कसया। विधानसभा चुनाव में अराजक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए रविवार को कुशीनगर में उत्तर प्रदेश और बिहार के पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक की। दोनों राज्यों के अधिकारियों ने साझा रणनीति बनाकर चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने पर चर्चा की। इसके लिए अफसरों ने अपने मातहतों को जरूरी निर्देश भी दिया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे गोरखपुर के आयुक्त अनिल कुमार के साथ आईजी जोन मोहित अग्रवाल ने चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के उपायों की जानकारी साझा की। मीटिंग के बाद डीएम शंभू कुमार ने बताया कि चुनाव के दौरान नदी घाटों, रेल मार्ग और सड़क पर दोनों राज्यों की पुलिस सघन चेकिंग करेगी।
ताकि चुनाव के दौरान अराजक तत्व कोई गड़बड़ी न कर सकें। डीएम ने बताया कि प्रत्याशियों के नामांकन के तीन-चार दिन पहले ही चेकिंग की कार्रवाई तेज कर दी जाएगी। अराजक तत्व नकदी, शराब, हथियार के बल पर चुनाव को प्रभावित करते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों प्रदेशों में वांछित चल रहे अपराधियों की सूची, अधिकारियों के मोबाइल नंबर एवं फोन नंबर आदान-प्रदान किया गया। वहीं वायरलेस सेवा से दोनों प्रदेशों के अधिकारी एक दूसरे के संपर्क में रहेंगे। इस बैठक में बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण जिले के डीएम लोकेश कुमार सिंह, एसपी बेतिया विनय कुमार, डिप्टी एसपी गोपालगंज विभास कुमार, एसपी कुशीनगर राजू बाबू सिंह, डीएम देवरिया अनीता श्रीवास्तव, एसपी देवरिया मोहम्मद इमरान, एडीएम कुशीनगर कृष्णलाल तिवारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजीव रंजन, एएसपी लालसाहब यादव, एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल, सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी, एसडीएम हाटा अजय नारायण सिंह, तहसीलदार सुक्रमा प्रसाद विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार राधेश्याम उपाध्याय, लेखपाल ब्रजेश मणि त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह के अलावा जिले के सभी एसडीएम और सीओ मौजूद थे।