छितौनी। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा दरगौली स्थित बेलवानिया चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेत के सामने शव पड़ा देख स्थानीय दुकानदारों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी है।
शुक्रवार की सुबह बेलवानिया चौराहे पर मौजूद दुकानदारों ने शारदा कुशवाहा के खेत के सामने एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा होने के बाद इसकी सूचना हनुमानगंज थाने को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों और राहगीरों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक पिछले दो-तीन महीनों से बेलवनिया चौराहे के आसपास ही घूमता रहता था। वह दुकानदारों और राहगीरों से कुछ मांगकर अपना जीवनयापन करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से काफी बीमार भी चल रहा था।
प्रभारी निरीक्षक दिग्विजय नारायण राय ने कहा कि को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के गांवों और थानों में भी संपर्क किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही और स्पष्ट कारणों की जानकारी हो सकेगी। 00000