कस्बे के नगर पंचायत गेट समीप रविवार को ओवरलोड गन्ना लदी ट्राली पलट गई। संयोग अच्छा था कि उस वक्त वहां कोई नहीं था। कुछ दूर पर आ रहे राहगीर ट्रॉली पलटते देख रुक गए।
रामकोला और कप्तानगंज चीनी मिल में गन्ना लेकर जाने वाली तमाम गाड़ियां रामकोला कस्बे के बीच से होकर निकलती हैं। कस्बे की मुख्य सड़क अतिक्रमण के चलते पहले से ही संकरी है। उस पर इन ओवरलोड गाड़ियों की वजह से दिक्कत और बढ़ जाती है। रविवार को गन्ना लेकर चीनी मिल में जा रही एक ओवरलोड ट्राली नगर पंचायत गेट के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। वहां से कुछ दूरी पर खड़े लोगों ने शोर मचाया तो राहगीर भी रुक गए। ट्राली पलटने की वजह से कुछ देर के लिए यातायात भी रुक गया था।