साधुु के वेश में ठगी करने वाले दो व्यक्ति गिरफ्तार
- 24 मार्च को अमवा बुजुर्ग गांव में साधु बनकर आए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। साधु के वेश में ठगी करने वाले दो आरोपियों को कुबेरस्थान थाने की पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। अमवा बुजुर्ग मोड़ से गिरफ्तार इन ठगों के पास आभूषण तथा बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
बीते 24 मार्च को सुबह करीब दस बजे अमवा बुजुर्ग गांव के निवासी गौरव पांडेय के दरवाजे पर अचानक दो व्यक्ति बाइक से साधु की वेशभूषा में पहुंचे और घर में मौजूद महिलाओं को ग्रहदोष की बात बताने लगे। उनकी बातें सुनकर घर की महिलाएं भी डर गईं और समाधान पूछने लगीं। इसके बाद दोनों ने झाड़फूंक के लिए सोने के धातु की आवश्यकता बताई। गौरव की नानी से कान की दो सोने की बालियां तथा एक अंगूठी मंगाकर अपने हाथ में ले लिए। इसके बाद सोने के धातुओं को कागज की एक पुड़िया में रखकर झाड़फूंक का नाटक करने लगे और घर में मौजूद लोगों को कुल देवी के पास जाने को कहा। जैसे ही घर के सभी लोग कुल देवी के पास गए। इतने में दोनों व्यक्ति कान की बालियां व अंगूठी लेकर बाइक से वहां से भाग गए। घर के लोग जब कुल देवी के पास से वापस लौटे तो दोनों को वहां से नदारद देखकर उनके होश उड़ गए। तब घर वालों को लगा कि वह कोई साधु नहीं, बल्कि साधु के वेश में ठग थे। इसके बाद पीड़ित परिवार के लोगों ने कई दिनों तक उन ठगों के बारे में पता लगाने की कोशिश की, उनके बारे में जब कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़ित परिवार ने कुबेरस्थान थाने की पुलिस को घटना से संबंधित तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
इसी दौरान सोमवार दिन में सुबह 11 बजे दिन एसआई दीनानाथ यादव, एसआई आकाश कुमार ग्वाल, कांस्टेबल राजेश गुप्ता व संजीव कुमार ने साधु की वेशभूषा में दो संदिग्ध व्यक्तियों को अमवा बुजुर्ग मोड़ से पकड़ा। उनसे कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में एक ने अपना नाम शेरा पांडेय तथा दूसरे ने विशाल उर्फ छट्ठू निवासी त्रिलोकपुर बताया। उनके पास वह बाली और अंगूठी बरामद हुई, जिसे 24 मार्च को झाड़फूंक के बहाने ठगकर ले गए थे। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
कुबेरस्थान थाने के प्रभारी एसओ रामचंद्र यादव ने बताया कि धोखाधड़ी के दोनों आरोपित ठगों को आभूषण सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें जेल भेज दिया गया है।