तुर्कपट्टी (कुशीनगर)। बृहस्पतिवार को दिन के करीब तीन बजे तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव बसडीला पांडेय में तेंदुआ दिखा। हल्ला होने पर कई गांवों के लोग चंवर में जुुटे थे। शाम को तेंदुओं ने हमला कर गांव के एक युवक व वन विभाग के कर्मचारी को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। संसाधन के अभाव में वन विभाग की टीम लाचार खड़ी रही। कई थानों की पुलिस व पीएसी के जवान भीड़ को संभालने में लगे थे। इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने अपने घरों का दरवाजा बंद कर लिया है। झोपड़ी में रहने वाले लोग अगल-बगल के पक्का मकान में शरण लिए हुए हैं।
बसडीला पांडेय गांव के चंवर में दोपहर बाद लोगों में काम कर रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ देखे जाने का शोर मचा। पहले तो लोगों को इस पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब कई लोगों ने इस हिंसक जानवर के यहां होने की बात कही तो यह खबर तेजी से आसपास के गांवों में भी फैल गई। तेंदुआ देखे जाने की जानकारी होते ही फुर्सतपुर, बसडीला पांडेय, रावतपार, डिग्री, तेनुआ आदि गांव के सैकड़ों लोग चंवर में पहुंच गए। इसकी जानकारी होने पर तुर्कपट्टी पुलिस भी पहुंची। शोर शराबे के बीच अचानक ही तेंदुआ ने बसडीला पांडेय निवासी 18 वर्षीय विवेक सिंह पुत्र शिव सिंह पर हमला बोलकर जख्मी कर दिया। लोग जब तक उधर दौड़ते तेंदुआ फिर झाड़ियों में गायब हो गया। इस घटना से वहां भगदड़ मच गई। लोग भागकर अपने-अपने घरों में छिप गए। घायल युवक विवेक को इलाज के लिए कसया सीएचसी भेजा गया।
शाम करीब सात बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस टीम के लोग जानवर के पैरों के निशान तलाश कर रहे थे कि अचानक ही तेंदुआ ने तमकुही के वन रक्षक राजकिशोर मिश्र पर पीछे से हमला कर कर बुरी तरह से जख्मी कर दिया। साथ में मौजूद वन कर्मी उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गए। इस संबंध में डीएफओ वेदप्रकाश जायसवाल का कहना है कि वन कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पा रही है कि यह जानवर तेंदुआ है या फिशिंग कैट।