पडरौना। जिला पंचायत राज अधिकारी ने शुक्रवार को दो गांवों के सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी कर विकास कार्यों की शिकायत के बाद जांच में मिली कमियों को लेकर उनसे जवाब तलब किया है। इसमें एक मामला हाटा ब्लाॅक के महुई बुजुर्ग ग्राम पंचायत व दूसरा विशनपुरा ब्लाॅक के दुबौली ग्राम पंचायत से जुड़ा है।
मामले में सचिवों को 15 दिन के अंदर जवाब देने की मोहलत दी गई है। तय समय में जवाब नहीं देने पर धनराशि की रिकवरी के लिए कार्रवाई की जाएगी। हाटा ब्लॉक के महुई बुजुर्ग निवासी श्री धरनीधर उर्फ चुलबुल दूबे ने गांव में विकास कार्यों की जांच के लिए नवंबर 2025 में शिकायत की थी। इसकी जांच के लिए नामित जिला पंचायत राज विभाग के अपर मुख्य अधिकारी व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई ने बीते 18 दिसंबर को अपनी जांच रिपोर्ट दी थी।
जांच रिपोर्ट में पंचायत भवन के मरम्मत व सुंदरीकरण के कार्य में तय मानक में अंतर मिलने, छत के सीसी में मुर्गा जाली का प्रयोग न होना, आरसीसी के काम में कमी, सफेदी के लिए पेंट व पुट्टी की खपत अधिक किए जाने, वॉश बेसिन, खिड़की व कम हार्स पॉवर का टुल्लू पंप लगाने सहित निर्धारित मानक से कम एरिया में अधिक धन खर्च करने के मामला सामने आया है।
वहीं, विशुनपुरा ब्लॉक के दुबौली निवासी जयराम चौहान ने गांव में हुए विकास कार्यों की जांच के लिए अगस्त 2025 में शिकायत की थी। इसमें जांच के लिए भूमि संरक्षण अधिकारी व पीडब्ल्यूडी के जेई को नामित किया गया था। इन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट बीते 10 दिसंबर को सौंपी थी। जिसमें सीसी ईंटों के गबन, मानक के अनुसार नाली का निर्माण नहीं कराया जाने के मामला सामने आया है।
इस संबंध में डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि जांच में मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए इन दोनों गांवों के सचिवों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। तय समय में जवाब नहीं मिलने पर आगे रिकवरी के लिए कार्रवाई की जाएगी।