दो नए लोग कोरोना से संक्रमित, तीन स्वस्थ हुए
पडरौना। कोरोना संक्रमित मरीजों के ग्राफ में निरंतर उतार-चढ़ाव जारी है। शनिवार को दो नए लोग इस महामारी से संक्रमित मिले, जबकि तीन इलाज के बाद स्वस्थ पाए गए। 19 लोग अब भी इससे जूझ रहे हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि आरटीपीसीआर और एंटीजन टेस्ट के लिए 1543 लोगों का सैंपल लिया गया, जबकि देर शाम तक 1446 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 1444 निगेटिव और दो पॉजिटिव केस हैं। दोनों पडरौना क्षेत्र से हैं। इस तरह अब तक कराई गई 263494 लोगों की जांच में 5602 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। तीन मरीज शनिवार को स्वस्थ पाए गए, जिन्हें लेकर कुल 5523 मरीज ठीक हो चुके हैं। 60 मरीजों की इस महामारी के चलते मौत हुई है, जबकि 19 अब भी इस बीमारी की चपेट में हैं।
डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण दर 2.12 प्रतिशत, ठीक होने वाले लोगों की दर 98.58 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.07 प्रतिशत है। उन्होंने जनपद के लोगों से कोरोना से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।