सलेमगढ़। तरयासुजान थाना क्षेत्र के गांव हफुआं जीवन के चंवर से रविवार को दोपहर में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से मिट्टी खनन कर रहे दो मिट्टी लोडर मशीन व पांच ट्रैक्टर-ट्राॅली को जब्त किया। वहीं पुलिस टीम देखते ही मिट्टी खनन कर रहे चालक, मालिक भागने में सफल रहे हैं। कोई मौके से पकड़ा नहीं जा सका।
अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर जिला खनन अधिकारी अभिषेक सिंह और चौकी प्रभारी बहादुरपुर अनुराग शर्मा की संयुक्त टीम ने यूपी बिहार सीमा पर स्थित हफुआं जीवन गांव के चंवर में पंहुचे। वहां एक किसान के खेत से मिट्टी का अवैध खनन हो रहा था। वहीं अवैध खनन करने वाले दूर से पुलिस टीम आते देख ट्रैक्टर-ट्राॅली और मिट्टी लोडर मशीन छोड़कर पहले ही बिहार सीमा की ओर भाग निकले। मौके पर खनन अधिकारी और पुलिस टीम ने मिट्टी लदे पांच ट्रैक्टर-ट्राॅली और दो लोडर मशीन को जब्त किया। खनन विभाग की कार्रवाई से खनन कराने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
जिला खनन अधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि सभी चालक मालिक मौके से फरार हो चुके थे। इसलिए खनन का परमिट या दस्तावेज नहीं मिल सका। सभी वाहनों को तरयासुजान थाने में भेजकर जब्त किया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद