तमकुहीराज। स्थानीय कस्बे के तहसील मुख्यालय परिसर में दो अधिवक्ताओं के बीच किसी बात लिए बहस के बाद एक अधिवक्ता के पक्ष में आए कुछ लोग दूसरे अधिवक्ता से मारपीट करने लगे। इसके बाद दोनों अधिवक्ताओं के पक्ष में हुए खेमाबंदी में दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और न्याय के लिए तहसील आए लोग तमाशाबीन बने रहे। इस घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। बार संघ के अध्यक्ष विनोद सिंह पटेल की सूचना पर आई तमकुहीराज पुलिस ने मामले को शांत कराया। मारपीट के बाद दोनों पक्ष के घायल लोग इलाज के लिए सीएचसी तमकुहीराज पहुंचे।
तमकुहीराज तहसील न्यायालय में तमकुहीराज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति वकालत करते हैं। सोमवार को वह न्यायालय से संबंधित अपना विशेष कार्य अपने टेबल पर बैठकर सहयोगी अधिवक्ता के सहयोग से कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान राजस्व न्यायालय में वकालत करने वाले दूसरे अधिवक्ता के साथ कुछ बाहरी लोग उनके टेबल पर पहुंच गए। पूर्व के दिनों में रजिस्ट्री कार्यालय में बाहरी लोगों से हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और इसके बाद मारपीट होने लगी।
अधिवक्ता से मारपीट होता देख अन्य अधिवक्ता मौके पर पहुंच बाहरी लोगों पर धावा बोल दिए। बाहरी लोगों के बचाव में न्यायालय के दूसरे अधिवक्ता आ गए। इसके बाद अधिवक्ताओं में खेमाबंदी हो गई और बाद में कुछ अधिवक्ता आपस में जमकर मारपीट करने लगे। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों की तरफ से कई लोग घायल हो गए। इस घटना को लेकर तहसील परिसर में लगभग आधा घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बार संघ अध्यक्ष विनोद सिंह पटेल की अगुवाई में कुछ वरिष्ठ अधिवक्ता बीच बचाव करने आए लेकिन मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। इसके बाद अध्यक्ष ने घटना की जानकारी इंस्पेक्टर तमकुहीराज को दी। सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस टीम ने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
बार संघ तमकुहीराज के अध्यक्ष विनोद सिंह पटेल ने बताया मारपीट करने वाले अधिवक्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। इंस्पेक्टर तमकुहीराज सुशील शुक्ला ने बताया मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।