डीएम के कड़े रुख के बाद कोपजंगल पशु आश्रय केन्द्र पर पहुंचे सीवीओ एसके सिंह व अन्य अधिकारी ।
- फोटो : KUSHINAGAR
कोपजंगल के आश्रय केंद्र में दो पशुओं की मौत
पशु आश्रय केंद्र पहुंचे सीवीओ, तहसीलदार और बीडीओ
पोस्टमार्टम के बाद दो बछड़ों को दफनाया गया
मौत का कारण निमोनिया व लीवर खराब होना बताया गया
अमर उजाला ब्यूरो
खड्डा। कोपजंगल के निराश्रित पशु आश्रय केंद्र में दो पशुओं की मौत की सूचना पर डीएम ने सीवीओ, खड्डा के तहसीलदार और बीडीओ को तत्काल मौके पर भेजा। पोस्टमार्टम के बाद दो बछड़ों को दफना दिया गया। पशुओं की मौत का कारण निमोनिया व लीवर खराब होना बताया गया है।
कोपजंगल के इस निराश्रित पशु आश्रय केंद्र में गोवंश के मरने व मरणासन्न होने की जानकारी हियुवा के तहसील प्रभारी कुणाल राव ने डीएम को फोन पर दी। डीएम ने तत्काल मुख्य पशु चिकित्साधिकारी व नोडल अधिकारी एसके सिंह, तहसीलदार एसके राय और बीडीओ रमाकांत को भेजा। अफसरों ने पशु आश्रय केंद्र का निरीक्षण किया। दोनों मरे पशुओं का पोस्टमार्टम कराया गया। गंभीर रूप से बीमार पशुओं का इलाज शुरू किया गया।
बताते चलें कि ठंड में ठिठुर रहे पशुओं की सुध लेने वाला कोई नहीं है। इस केंद्र पर पशुओं की मौत पर गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष यशवंत उर्फ अतुल सिंह गंभीर आरोप लगा चुके हैं। इस बाबत सीवीओ एसके सिंह ने बताया कि पशुओं की मौत निमोनिया व लीवर खराब होने के चलते हुई है। बीमार पशुओं का इलाज शुरू कराया गया है। ठंड को लेकर सतर्कता बरतने सहित हरे चारे आदि की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।