कसया। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान की ओर से शुक्रवार को सबयां में महिलाओं का निशुल्क प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया। यह शिविर 45 दिनों तक चलेगा। ईडीआई के परियोजना निदेशक विजय कुमार पांडेय ने उद्घाटन किया। बताया कि यह संस्था रोजगार उपलब्ध कराने के क्षेत्र में प्रशिक्षण, शोध का कार्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करती है। सरकारी क्षेत्र रोजगार कम हैं इसलिए महिलाओं को स्वावलंबी बनाकर स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार के सूक्ष्य, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय की ओर से यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि किसी भी कार्य में सफलता, हैड, हेड और हार्ट यानी हाथ, दिमाग और दिल से की जायेगी तभी सफलता प्राप्त होगी। संस्था के डायरेक्टर सुमित कुमार मिश्रा ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दिया और कहा कि 80 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। गोरखपुर के ''''मेरी आशा'''' एनजीओ की डायरेक्टर अन्नू सिंह ने भी महिलाओं को सफलता का मंत्र दिया। खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के परियोजना अधिकारी केएम पांडेय ने बताया कि इस क्षेत्र में काम करने के लिए सभी सुविधाएं निशुल्क हैं। व्यवसाय के लिए 50 हजार से लेकर 5 लाख रुपये तक का ऋण काफी कम ब्याज और छूट पर उपलब्ध है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता त्रिलोकीनाथ श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण ले रही महिलाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामना दी। इस दौरान मनोज कुशवाहा,फौजिया परवीन सहित आदि महिलाएं मौजूद रहीं।