सुकरौली। छठ पर्व को लेकर शनिवार को सुकरौली बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। साप्ताहिक बंदी के बावजूद बाजार की अधिकांश दुकानें खुली रहीं। इससे बाजार में वाहनों और खरीदारों की भीड़ बढ़ गई। यातायात व्यवस्था बेपटरी होने से घंटों जाम लगा रहा। इसमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे परेशान होते रहे। लोगों का आरोप है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए थे।
जाम के चलते सर्विस लेन से चारपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया। पड़री निवासी संतोष कुमार बच्चों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली ले जा रहे थे लेकिन जाम में फंसने के कारण अस्पताल नहीं पहुंच सके। मजबूरन उन्हें कस्बे के एक मेडिकल स्टोर पर बच्चों का उपचार कराना पड़ा।
वहीं, कसया निवासी सिराज अहमद बाइक से गोरखपुर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गए। उनके साथी उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन जाम के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंच सके। ऐसे में उन्हें दूसरे अस्पताल जाना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में आए दिन जाम की स्थिति बनती है। त्योहारों पर यातायात प्रबंधन नहीं होने से आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जाम से निजात दिलाने के लिए एक दिन पहले से रूट डायवर्जन किया गया है। जल्द ही लोगों को जाम से राहत मिलेगी।