छपरा से मुंबई, दिल्ली और नई दिल्ली के लिए विशेष ट्रेनों का होगा संचालन
पडरौना, रामकोला, कप्तानगंज और गोरखपुर में भी ठहराव
पडरौना। छठ महापर्व के बाद घर से वापस लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने तीन जोड़ी त्योहार विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। छपरा से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई), दिल्ली और नई दिल्ली के लिए चलने वाली इन ट्रेनों का लाभ कुशीनगर के यात्रियों को भी मिलेगा। तीनों ट्रेनों का ठहराव पडरौना, रामकोला, कप्तानगंज और गोरखपुर में होगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, 05083/05084 छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा त्योहार विशेष ट्रेन दो फेरों में चलेगी। छपरा से यह ट्रेन 16 और 21 नवंबर को रात आठ बजे रवाना होगी। दूसरे दिन रात 12:22 बजे पडरौना, 12:44 बजे रामकोला, 1:15 बजे कप्तानगंज और 2:35 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। तीसरे दिन दोपहर 12 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन 18 और 23 नवंबर को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दोपहर तीन बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 10:55 बजे गोरखपुर, रात 12:10 बजे कप्तानगंज, 12:40 बजे रामकोला और 1:12 बजे पडरौना पहुंचेगी। तीसरे दिन सुबह 5:45 बजे छपरा पहुंचेगी। इस ट्रेन में 22 कोच लगाए जाएंगे।
इसी तरह 05071/05072 छपरा-दिल्ली-छपरा त्योहार विशेष ट्रेन एक फेरे में चलेगी। छपरा से 17 नवंबर को रात 8:05 बजे रवाना होकर दूसरे दिन रात 12:04 बजे पडरौना, 12:18 बजे रामकोला, 12:50 बजे कप्तानगंज और 2:20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद शाम 5:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन 18 नवंबर को रात 8:10 बजे दिल्ली से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 10:30 बजे गोरखपुर, 11:45 बजे कप्तानगंज, दोपहर 12:12 बजे रामकोला और 12:34 बजे पडरौना पहुंचेगी। शाम पांच बजे छपरा पहुंचेगी। इस ट्रेन में 22 कोच लगाए जाएंगे।
वहीं, 05073/05074 छपरा-नई दिल्ली-छपरा त्योहार विशेष ट्रेन भी एक फेरे में चलेगी। छपरा से 18 नवंबर को रात 11:05 बजे रवाना होकर दूसरे दिन सुबह 3:05 बजे पडरौना, 3:20 बजे रामकोला, 3:50 बजे कप्तानगंज और 5:20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। रात 8:15 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन 19 नवंबर को रात 11:10 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 1:30 बजे गोरखपुर, 2:45 बजे कप्तानगंज, 3:12 बजे रामकोला और 3:34 बजे पडरौना पहुंचेगी। शाम आठ बजे छपरा पहुंचेगी। इस ट्रेन में 20 कोच लगाए जाएंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इससे मुंबई और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।