पटेरा बुजुर्ग गांव के पास मिलन चौराहा पर चोरी का खुलासा करने की मांग को लेकर विरोध प्रर्दशन करत
मंसाछापर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पटेरा बुजुर्ग गांव के पास मिलन चौक पर किराना दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये का सामान और 66 हजार रुपये नकद चोरी किए जाने की घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। मंगलवार को आक्रोशित व्यापारियों ने प्रदर्शन कर पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि रात में नियमित गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने घटना का शीघ्र पर्दाफाश करने की मांग की।
पटेरा गांव निवासी नागेंद्र कुशवाहा की मिलन चौक पर किराना की दुकान है। रविवार रात चोर दुकान के पीछे की दीवार में सेंध काटकर अंदर घुसे और करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान तथा 66 हजार रुपये नकद समेटकर फरार हो गए। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे नागेंद्र ने सामान बिखरा देखा तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद व्यापारियों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मिलन चौक जैसे व्यस्त क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी रात्रि गश्त नहीं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
प्रदर्शन में गोरख यादव, चंद्रशेखर शर्मा, सुनील कुशवाहा, नागेंद्र कुशवाहा, मिंटू कुशवाहा, रामप्यारे गुप्ता, सलमान अंसारी, विनय कुशवाहा, अजय यादव, भुट्टू अंसारी और ओमप्रकाश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।