बदमाशों से भिड़ने वाले युवक को सम्मानित करते व्यापार मंडल हाटा के लोग।
- फोटो : KUSHINAGAR
बदमाशों से भिड़े युवक को व्यापारियों ने किया सम्मानित
हाटा। व्यापारी की मदद के लिए बदमाशों से भिड़ने वाले युवक को नगर के व्यापारियों ने शनिवार को सम्मानित किया। व्यापारियों ने कहा कि ऐसे युवकों से समाज को सीख लेने की जरूरत है।
बृहस्पतिवार को हाटा कोतवाली के बकराबाद गांव के सामने झांगा बाजार से अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे सिंहपुर गांव चंद्रभूषण वर्मा को बदमाशों ने रोक लिया था और पिटाई कर उनका बैग छीन रहे थे। इसी दौरान वहा पहुंचे बकराबाद निवासी विनोद कुमार ने व्यापारी चंद्रभूषण की मदद के लिए बदमाशों से मुकाबला किया था। बदमाशों ने विनोद को असलहे के बट से प्रहार कर घायल कर दिया था। साहसी युवक का हौसला बढ़ाने के लिए शनिवार को व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री श्रीप्रकाश वर्मा की अगुवाई में नगर अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, अनिल श्रीवास्तव, दानिश खां, कृष्णमोहन जायसवाल आदि ने अंग वस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर नगर के कई व्यापारी मौजूद रहे। सभी लोगों ने साहसी युवक की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।