प्रवीण मणि त्रिपाठी की फाइल फोटो।
संवाद न्यूज एजेंसी रहसू बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-28 पर अमवा एफसीआई गोदाम के पास बृहस्पतिवार को करीब 11 बजे गलत दिशा से जा रहे ट्रैक्टर को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज हुई कि ट्रैक्टर की दिशा बदल गई और बाइक सवार दो युवक चपेट में आ गए। बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव भेलया चंद्रौटा निवासी प्रवीण मणि त्रिपाठी (23) और शिवम मणि त्रिपाठी (21) फाज़िलनगर से कसया की तरफ जा रहे थे। जैसे ही नेशनल हाईवे-28 पर अमवा एफसीआई गोदाम के पास पहुंचे तो जोकवा बाजार से गलत साइड से दक्षिणी लेन पर फ़ाज़िलनगर जा रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली में ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर घूम गया और बाइक सवार दोनों युवक ट्रैक्टर की चपेट में आ गए।
बाइक सवार प्रवीण सड़क पर गिर गया और उसका सिर ट्रैक्टर के पिछले पहिये के नीचे आ गया और सिर फट गया। इससे घटना स्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया, जबकि शिवम त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका हाथ-पैर टूट गया है और मेडिकल काॅलेज रविंद्रनगर कुशीनगर में इलाज चल रहा है। वहीं चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। तुर्कपट्टी पुलिस ने प्रवीण के शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया और आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।