संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। क्षेत्र के गांव परसौनी मूकुंदहा निवासी दलित महिला को तहसील में पुरानी रंजिश में मारने-पीटने के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पांच व्यक्तियों के विरुद्ध मारपीट व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। घटना एक जुलाई 2024 की बताई जा रही है।
देवी पत्नी केश्वर प्रसाद ने एससी एसटी न्यायालय कुशीनगर में वाद दाखिल कर आरोप लगाया कि घटना के दिन वह दोपहर करीब 11 बजे कसया तहसील आई थी। इसी दौरान वहां पहले से खड़े अरविंद किशोर सिंह, योगेंद्र सिंह, मार्कंडेय प्रसाद, रामाशीष सिंह व रुद्र प्रताप सिंह देखते ही गालियां देते हुए उसके पास आ गए। पास में खड़ी गाड़ी में रखे हाकी-डंडे निकाल कर हमला बोल दिया। सिर पर चोट लगने से वह मूर्छित होकर गिर पड़ी। इसके बाद भी यह वार करते रहे। यह देकर वहां बहुत लोग इकट्ठा हो गए और बीच-बचाव किया।
न्यायालय ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्य को देखते हुए पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच के आदेश दिए थे। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांचों आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।ट