तरायासुजान। थाना क्षेत्र के कैथवलिया के हवीबपुर गांव निवासी प्रभाकर मिश्रा की गिट्टी बालू की दुकान है। बुधवार की शाम को प्रभाकर मिश्र पास के गांव में बालू गिराने अपने ट्रैक्टर से चालक के साथ गए थे, वापस लौटते समय साइड लेने के दौरान ट्रैक्टर खेत में पलट गया और ट्रैक्टर पर बैठे दुकानदार की मौत हो गई, जबकि चालक मुन्ना ने कूदकर जान बचाई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हवीबपुर टोला निवासी प्रकाश मिश्रा गिट्टी बालू की दुकान चलाते हैं। बुधवार की देर शाम को वह पास के गांव में अपनी ट्रैक्टर से चालक के साथ बालू गिराने गए थे। पोस्टमार्टम हाउस पर आए परिजनों ने बताया कि बालू गिराकर वापस लौटते समय रास्ते में युवक मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जित करने डीजे बजाते हुए जा रहे थे। साइड लेने के दौरान ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतर गया और अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर चला रहे मुन्ना कूदकर भाग निकला, जबकि 30 वर्षीय प्रकाश की ट्रैक्टर में दबकर मौत हो गई।
गांव वालों की मदद से ट्रैक्टर में दबे दुकानदार को निकाला गया। हालांकि चर्चा है कि अवैध तरीके से नदी के किनारे बालू खनन कर ले जाने के दौरान यह हादसा हुआ है, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। सूत्रों की मानें तो नदी के किनारे अवैध तरीके से बालू खनन का खेल चलता है। बालू लादकर निकलते समय हादसा होने की चर्चा लोगों में है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पर बृहस्पतिवार की शाम पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
आठ वर्षीय बेटा तेजप्रताप उर्फ अमन ने पिता को मुखाग्नि दी। पति की मौत के बाद रो-रोकर पत्नी शिल्पी का बुरा हाल हो गया है। तरायासुजान थानाध्यक्ष रामसहाय चौहान ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से हादसा हुआ है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।