तमकुहीरोड। तमकुहीराज में बुधवार को निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद के स्वागत के दौरान जेसीबी से गिरकर परसा उर्फ सिरिसिया गांव निवासी व पार्टी कार्यकर्ता शंभू निषाद की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को सुबह उनका शव घर पहुंचा तो पत्नी और बेटे शव से लिपटकर रोने लगे। पत्नी कांति देवी बोली कि पार्टी के कार्यक्रम में अक्सर जाते थे और शाम का घर आते थे, बुधवार की शाम को उनकी मौत की खबर आई। सब कुछ बर्बाद हो गया अब घर का काम कैसे चलेगा, बेटे ने मुआवजा दिलाने की मांग किया तो पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अमित निषाद ने पार्टी फंड से मदद देने के अलावा मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके परिजनों से शव का दाह संस्कार किया। शंभू के बेटे विजय निषाद (23), आरती निषाद (18) और विवेक निषाद (14) हैं। इसमें किसी की शादी नहीं हुई है।