लाइसेंस नहीं दिखा पाया, एसआई ने ट्रैक्टर चालक को पीटा
गुस्साए लोगों ने लगाया जाम, नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
नेबुआ रायगंज। नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के नौरंगिया में वाहन चेकिंग के नाम पर एक सब इंस्पेक्टर ने गन्ना लेकर तौल केंद्र पर जा रहे ट्रैक्टर चालक को चेकिंग के नाम पर रोक लिया। ड्राइविंग लाइसेंस न दिखा पाने पर चालक की पिटाई कर दी। नाराज ग्रामीणों ने लक्ष्मीपुर गांव में एनएच जाम कर दिया। इससे लगभग आधा घंटे एनएच 28 बी पर आवागमन बाधित रहा। एसडीएम की सूचना पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
बुधवार दोपहर लगभग दो बजे नेबुआ नौरंगिया थाने के एक सब इंस्पेक्टर नौरंगिया तिराहे पर गन्ना लदी गाड़ियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पडरौना कोतवाली के चिरइहवा गांव निवासी सुभाष गौंड़ ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना लेकर पहुंचे। परसौनी क्रय केंद्र से यह गाड़ी पिपराइच चीनी मिल गन्ना लेकर जा रही थी। चालक सुभाष ने ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने की बात कही तो एसआई ने चालक की पिटाई कर ट्रैक्टर ट्रॉली वापस गन्ना क्रय केंद्र पर ले जाने को कहा।
आरोप है कि चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर अभी लक्ष्मीपुर तक पहुंचा था, तब तक दरोगा फिर पहुंचे और उसकी पिटाई करने लगे। आसपास के लोगों ने विरोध जताया तो एसआई वापस लौट गए। इसके बाद ग्रामीणों व ट्रैक्टर चालकों ने ट्रैक्टर ट्राली सड़क पर खड़ी कर एनएच 28 बी को जाम कर दिया। जाम में खड्डा एसडीएम भी फंस गए। सूचना पर एसओ नेबुआ नौरंगिया पवन कुमार सिंह की अगुवाई में पहुंची पुलिस फोर्स ने लाठी फटकार कर जाम हटवाया और आवागमन चालू कराया। एसओ पवन सिंह ने बताया कि लोगों को समझा बुझाकर सड़क जाम खुलवाया गया। सब इंस्पेक्टर को लेकर लोगों ने जो शिकायत की है, उससे वरिष्ठ अफसरों को अवगत करा दिया गया है।
एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह का कहना है कि वे बुधवार को गोरखपुर आए थे, घटना की जानकारी मिली है। नेबुआ नौरंगिया के एसओ से इस पर रिपोर्ट मांगी जाएगी। अगर दरोगा के नशे की हालत में होने या जान बूझकर लोगों को परेशान करने की बात सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई होगी।
दरोगा का उत्पात छात्र को पीटा
नेबुआ रायगंज। नेबुआ नौरंगिया थाने के एसआई ने दिन में किसान और फिर बुधवार की शाम को नौरंगिया तिराहे पर उत्पात मचाया। इस दौरान एसआई ने एक गुमटी पलट दी। इसके अलावा डिग्री कॉलेज के छात्र को भी रोककर अकारण कान मरोड़ते हुए पीट दिया। लोगों का कहना है कि दरोगा नशे की हालत में था। नाराज लोगों ने दरोगा की बाइक रोक ली। विवाद बढ़ता देख कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। एसओ नेबुआ नौरंगिया पवन कुमार सिंह ने बताया कि लोगों की शिकायत के आधार पर आरोपी एसआई का मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है। अगर रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि होती है तो एसआई के खिलाफ केस दर्ज होगा।