ट्रांसफार्मर के केबिल में लगी आग, सात घंटे गुल रही बिजली
आजादनगर मोहल्ले में 250 केवीए के ट्रांसफार्मर की केबिल में लगी थी आग
तमकुहीरोड(कुशीनगर)। सेवरही के आजादनगर मोहल्ले में लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर की केबिल में बुधवार सुबह आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। लोगों की सूचना पर बिजली काटकर कर्मी मौके पर पहुंचकर आग बुझाया, लेकिन केबिल जल जाने के कारण सात घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सेवरही क्षेत्र में गर्मी बढ़ने के साथ ट्रांसफार्मर, जंफर, तार सहित अन्य उपकरण भी जबाव देने लगे हैं। इसका असर बिजली आपूर्ति पर पड़ने लगा है। कोई ऐसा दिन नहीं होता है, जिस दिन किसी जगह तार टूटने, जंफर डिस्कनेक्ट होने, ट्रांसफार्मर के जबाव देने और अन्य फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित न होती हो। सुबह जब लोगों को पानी की आपूर्ति के लिए बिजली की आवश्यकता थी, उसी समय करीब सात बजे आजादनगर में लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर की केबिल में आग लग लगी। इससे आसपास के दुकानदारों में अफरातफरी मच गई।
इसकी सूचना मिलते ही बिजली काटकर सुनील तिवारी, वीरेंद्र पटेल, आसिफ अली सहित कई विद्युतकर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इस दौरान पूरा केबिल जल गया। बाद में जले केबिल को बदला गया। इसके चलते सात घंटे से अधिक समय तक आजाद नगर मोहल्ले के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ा। जेई विकास कुमार साहनी ने बताया कि केबिल बदलकर पुन: आपूर्ति बहाल कर दी गई है और सभी ट्रांसफार्मरों की निगरानी की जा रही है।