पडरौना। महाशिवरात्रि का त्योहार रविवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर शहर के शिव मंदिरों और गांवों में स्थित शिवालयों की सफाई और सजावट का काम लगभग पूरा कर लिया गया है, जहां पर रविवार को शिवभक्त पूजा-अर्चना करेंगे। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शिवजी को बेल का पत्ता, गन्ना, बैर, आम की पत्ती तथा भांग का पत्ता आदि चढ़ाकर उनसे सुख शांति और समृद्धि की प्रार्थना करेंगे। महाशिवरात्रि पर कई स्थानों पर मेले का भी आयोजन के साथ भजन-कीर्तन का भी आयोजन होगा।
शहर के भारतीय शिवाला मंदिर, लम्हुआ शिव मंदिर, बुढि़या माई मंदिर के अलावा करहिया व बालखंडी स्थित शिव मंदिर समेत जिले के सभी शिवालयों में महाशिवरात्रि पर रविवार को शिवभक्त भारी संख्या में जुटेंगे। महाशिवरात्रि को लेकर शनिवार की शाम तक मंदिरों की सफाई और सजावट का काम लगभग पूरा कर लिया गया था। वहीं, कुबेरस्थान स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करने आने वाले श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन कर दिया है।
उधर, शिवालय में पहुंचे श्रद्धालुओं को महादेव के दर्शन में कठिनाई न हो, इसके लिए महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग लगाई गई है। मंदिर के महंत राजकुमार गिरी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर शिव मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आरती और पूजन के बार सुबह तीन बजे से मंदिर का पट खोल दिया जाएगा। प्रशासन की तरफ से महाशिवरात्रि पर शिवालयों में लगने वाले मेले को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंदिर और शिवालयों पर हल्का सिपाही को तैनात किया गया है, जबकि कुबेरस्थान शिवालय में कुबेरस्थान और तुर्कपट्टी पुलिस के अलावा पीएसी और अग्निशमन पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।
तमकुहीरोड संवाद के अनुसार, सेवरही क्षेत्र के बाबा पंचेश्वरनाथ शिव मंदीर शिवाघाट, विश्वकर्मा शिव मंदीर जवाहर नगर, पोखरा शिव मंदीर, जीन बाबा का स्थान, रामजानकी शिव मंदिर गांधी नगर, गल्ला मंडी, राजेंद्र नगर, राजपुर बगहा, जोगनी, अहिरौलीदान, बैजू पट्टी, चखनी, राजपुर खाश, जगदीशपुर, परसा, कतौरा, पिरोजहा, रकबा दुलमापट्टी, जंगलीपट्टी, मिश्रौली, पिपराघाट, अहिरौली मिश्र सहित अन्य गांवों के शिव मंदिरों में रविवार को सजाया गया है। यहां शिव भक्त वेलपत्र, भांग, धतूरा, गन्ने के रस, पुष्प, घी, दही, फल व फूल के साथ भगवान शिव पार्वती की पूजा अर्चना करेंगे। इस मौके पर मंदिरों पर भजन कीर्तन व भंडारे का आयोजन भी किया गया है।
0
एकता और भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार
तमकुहीरोड। सेवरही थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें लोगों को एकता और भाईचारे के साथ महाशिवरात्रि, रमजान व होली का त्यौहार मनाने की अपील की गई।सेवरही के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार यादव ने कहा कि त्योहार संबंधों को प्रगाढ़ करते हैं। इसलिए त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने चेताया कि त्योहार पर किसी भी तरह से खलल डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान चौकी प्रभारी अनिल कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद
शिव बरात की झांकी आज, सजे शिव मंदिर
सपहा। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर-21 बुद्ध नगरी में शिवरात्रि के मौके पर रविवार को शिव बारात की आकर्षक झांकी निकाली जाएगी। इसमें दो अखाड़ों के लोग शामिल होंगे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुतियां होंगी। इसको लेकर शिवालयों व शिव मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों व झालरों से सजाया गया है। संवाद
दुर्गा माता मंदिर से निकलेगी शिव बरात
फाजिलनगर। कस्बे में स्थित सिद्धिदात्री दुर्गा माता मंदिर से रविवार 15 फरवरी को क्षेत्र में शिव बरात का आयोजन किया गया है। आयोजक डॉ. हरे गोविंद सिंह ने बताया कि शिव बरात मंदिर परिसर स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से चलकर पूरे कस्बे की परिक्रमा कर मंदिर आएगी।