आज 72 केंद्रों पर लगेगा कोरोना का टीका
- 8900 बुजुर्गों को पहली तथा 3390 हेल्थ वर्कर्स एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स को लगेगी दूसरी डोज
- छूटे हुए पंजीकृत अधिकारी-कर्मचारी भी करा सकेंगे टीकाकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना (कुशीनगर)। कोविड टीकाकरण के लिए चल रहे अभियान के तहत सोमवार को जिले में 72 केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। इस दिन 8900 बुजुर्ग व्यक्तियों को पहली डोज तथा 3390 स्वास्थ्यकर्मियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स को दूसरी डोज लगाई जाएगी। वह लोग भी इन केंद्रों पर टीका लगवा सकेंगे, जो कोविन पोर्टल पर पंजीकृत होने के बावजूद किसी कारण से टीका नहीं लगवा पाए हैं। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को पडरौना नगर के राजकीय महिला अस्पताल स्थित प्रसवोत्तर केंद्र पर बने टीकाकरण केंद्र पर बुजुर्ग महिलाओं के लिए अलग से काउंटर लगाया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार को अब तक के सर्वाधिक 72 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं, जहां बुजुर्ग व्यक्तियों को पहला टीका तथा स्वास्थ्यकर्मियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स को दूसरा टीका लगाया जाएगा। इनके अलावा छूटे हुए लोग भी केंद्रों पर पहुंचकर टीका लगवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने विभाग के अधिकारी की तरफ से स्वीकृति पत्र प्रस्तुत करना होगा।
कोरोना से एक व्यक्ति संक्रमित मिला
पडरौना। रविवार को एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित मिला। उसे लेकर जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या 5723 हो गई है।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि रविवार को देर शाम तक 724 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 723 निगेटिव और एक पॉजिटिव केस है। इस तरह अब तक कराई गई 348959 लोगों की जांच में 5723 व्यक्ति संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 5652 स्वस्थ हुए हैं, जबकि 62 मरीजों की मौत हुई है। नौ एक्टिव केस हैं।