अहिरौली बाजार। स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव बेलवा बुजुर्ग में सोमवार की रात लक्ष्मीपूजा के अवसर पर आॅर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था।
इस दौरान चार युवक पहुंचे और भोजपुरी गाना बजाने को कहा। इस पर आयोजक ने मना कर दिया। इसको लेकर युवकों और आयोजक में मारपीट हो गई। युवकों ने आयोजक समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और आॅर्केस्ट्रा बंद करा दिया। घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। बेलवा बुजुर्ग गांव निवासी बंधन चौधरी के दरवाजे पर लक्ष्मी जी की मूर्ति रखी गई थी। सोमवार की रात आर्केस्ट्रा चल रहा था। परिवार और गांव के लोग आर्केस्ट्रा देख रहे थे। इस दौरान गांव के चार युवक पहुंचे और भोजपुरी गाना बजाने की जिद करने लगे। मना करने पर चाकू से शैलेष चौधरी (30), रामक्यास चौधरी (50), पूजा कमेटी के अध्यक्ष किशन वर्मा (20) पर वार कर दिया।
चाकू लगने से तीनों घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में लोग देवतहा सीएचसी पर ले गए, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।