मगहर (संतकबीरनगर)। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मगहर पुलिस चौकी के पास बृहस्पतिवार शाम एक स्कूली बस की टक्कर से बाइक सवार युवक, उसकी पत्नी और मासूम बेटी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया और बस को चालक समेत चौकी ले जाकर कब्जे में ले लिया।
नगर पंचायत मगहर के शेरपुर मोहल्ला निवासी अदहम अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई आजम अली अपनी पत्नी उम्मे हबीबा और छोटी बेटी मरियम के साथ बाइक से जा रहा था। मगहर पुलिस चौकी के निकट तिराहे पर सड़क पार करते समय एक स्कूली बस ने बाइक में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर मगहर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से संयुक्त जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने बस और चालक को कब्जे में लेकर चौकी पहुंचाया।
हादसे के समय बस में सवार छात्राएं भी दहशत में आ गईं। पुलिस ने अभिभावकों को सूचना देकर सभी छात्राओं को सुरक्षित उनके घर भेज दिया। मगहर चौकी प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि बस को चौकी पर खड़ा करा लिया गया है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।