कसया। नगर के पड़रौना मार्ग पर पीडब्ल्यूडी गेट के सामने रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार कुल तीन लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने सभी घायलों को कसया सीएचसी भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरिकेश (26) और मोती कुशवाहा (40) निवासी ग्राम गौर कोठी, जिला देवरिया अपनी बाइक से किसी निजी कार्य से पडरौना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे इरफान (16) निवासी पिपरहिया, रामकोला तिराहा से कसया गांधी चौक की तरफ जा रहा था। तेज रफ्तार के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को तत्काल कसया सीएचसी भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।