मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के खिरकिया-जटहा मार्ग पर हिरनही गांव के पास शनिवार शाम करीब छह बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर आई पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज कुशीनगर भेज दिया।
देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर गौनरिया निवासी रंजीत प्रसाद (26) अपनी पत्नी बंदना (24) के साथ बाइक से अपने ससुराल हिरनही जा रहे थे। जटहा-खिरकिया मुख्य मार्ग से हिरनही गांव की ओर मुड़ते समय जटहा की तरफ से आ रहे आशुतोष चौरसिया (निवासी ढाढ़ा बुजुर्ग, थाना हाटा) की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची जटहा पुलिस ने घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां आशुतोष चौरसिया और रंजीत प्रसाद की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसओ आलोक यादव ने बताया कि तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है।