हिरनही गांव में आग से जलतीं झोपड़ियां।
पडरौना। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में शुक्रवार को लगी आग में तीन रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। जबकि झोपड़ी से सामान निकालने के दौरान एक बुजुर्ग झुलस गया। आनन-फानन में लोगों ने झुलसे बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। वहीं, गांववालों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उजारनाथ प्रतिनिधि के अनुसार पटहेरवा थाना क्षेत्र के पटहेरिया-तुर्कपट्टी मार्ग पर करमैनी बाजार गांव के भेलया रजवाहा नहर के करीब अराजकतत्वों ने सिगरेट पीकर फेंक दी। इससे निकली चिंगारी से वहां रखे गन्ने की पत्ते में आग पकड़ लिया। आग बेकाबू होकर गेहूं के डंठल को जलाते हुए करमैनी गांव के समीप पहुंच गई। यह देख गांववालों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। सूचना पाकर पहुंचे लेखपाल जावेद अख्तर ने बताया कि सिगरेट या बीड़ी फेंकने से आग लगी थी। किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया है। इससे यहां कोई क्षति नहीं हुई है।
मंसाछापर प्रतिनिधि के अनुसार जटहा बाजार थाना क्षेत्र के नर्सरी टोला में हिरनही निवासी अमन पुत्र मुस्तकीम व नसीरूद्दीन पुत्र सुभान की आवासीय झोपड़ी शुक्रवार की दोपहर आग की भेंट चढ़ गई। इन घरों के अगल-बगल लगभग पांच-छह जगहों पर गल्ला किए गए खर पतवार की ढेर में आग पकड़ लिया। आग बुझाने के लिए हर घर जल योजना के अंतर्गत की गई जलापूर्ति एवं बोरिंग पर पम्पिंग सेट से पानी चलाकर गांव वालों ने काबू पाया। वहीं, सूचना पर पहुंचे एसओ ओमप्रकाश तिवारी ने आगलगी के बारे में जानकारी ली।
तमकुहीराज प्रतिनिधि के अनुसार तमकुहीराज थाना क्षेत्र के परसौन निवासी अशोक सिंह के घर के समीप स्थित झोपड़ी में शुक्रवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग के विकराल रूप धारण करने के बाद लोगों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद लोग आग को फैलने से रोकने के लिए उसे बुझाने में जुट गए। इसी बीच गृह स्वामी अशोक सिंह उम्र 60 वर्ष झोपड़ी में रखे सामान को बाहर निकालने के प्रयास में आग की चपेट में आकर झुलस गए। आगलगी में दो बाइकें, गेहूं, मोटर, पंपिंग सेट, कीमती लकड़ी आदि जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे बुजुर्ग को सीएचसी तमकुहीराज भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।