कुशीनगर। बरवापट्टी थाना क्षेत्र के गांव चौबेया पटखौली में रविवार दोपहर लगी आग में तीन मकान राख हो गए। घरों में रखा सामान, ज्वेलरी और नकदी समेत लाखों रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
रविवार दोपहर चौबेया पटखौली गांव निवासी अशोक राय के घर में संदिग्ध हालात में आग लग गई। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक आग की उठती लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित संतोष राय व संजय राय के मकानों को भी आगोश में ले लिया। हादसे में तीनों परिवारों के घरों में रखा सारा सामान, आभूषण और नकदी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। इस संबंध में तमकुहीराज एसडीएम कुणाल गौरव ने बताया कि आग से हुई क्षति का आकलन राजस्व टीम को गांव भेजकर करा लिया गया है। आग से प्रभावित परिवारों को मिलने वाली सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी। संवाद