पडरौना। गर्मी का सितम अब बढ़ने लगा है। मौसम विभाग की तरफ से 27 अप्रैल तक जारी पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को गर्मी से निजात मिलने वाली नहीं दिख रही है। पूर्वानुमान के मुताबिक मौसम का अधिकतम तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। इससे मौसम शुष्क और आर्द्रता 72 प्रतिशत के नीचे रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशान होना पड़ सकता है।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुती वी सिंह ने बताया कि मंगलवार को दोपहर बाद भारतीय मौसम विभाग की तरफ से जिले के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। उसके अनुसार 27 अप्रैल तक जिले में मौसम का अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 44 से 72 प्रतिशत और शाम के समय सापेक्षिक आर्द्रता 29 से 38 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पूर्वानुमानित अवधि के दौरान 03 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पुरवा हवा चलने की संभावना है। पूर्वानुमानित अवधि के दौरान मुख्य रूप से शुष्क मौसम बने रहने और आसमान साफ रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पूर्वानुमानित अवधि में मौसम के शुष्क रहने की संभावना को देखते हुए किसान गेहूं, अरहर एवं मक्का फसल की कटाई व मढ़ाई कार्य को प्राथमिकता दें। गेहूं व मक्का के दानों को अच्छी तरह धूप में सूखाने के बाद भंडारण करें। रबी फसल की कटाई के बाद खाली खेतों की गहरी जुताई कर खेत को खुला छोड़ दें, ताकि सूर्य की तेज धूप मिट्टी में छिपे किड़ों के अंडों, प्यूपा और घास के बीजों को नष्ट कर दें। प्रचंड गर्मी एवं लू की स्थिति को देखते हुए दुधारू पशुओं के रख-रखाव और खान पान पर विशेष ध्यान दें। पशुओं को स्वस्थ पानी पिलायें एवं छायादार स्थान पर रखें।