ज्ञापन सौंपने जाते कुशवाहा महासभा के लोग।स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। राष्ट्रीय कुशवाहा शाक्य सैनी मौर्य महासभा भारत की तरफ से सोमवार को सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया। इसमें बबुईया हरपुर निवासी प्रधानाचार्य छोटेलाल कुशवाहा की मौत के बाद सड़क जाम करने के मामले में पुलिस की तरफ से दर्ज हुई प्राथमिकी वापस लेने और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दिलाने समेत कई मांगें शामिल हैं।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर को दिए गए ज्ञापन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एनपी कुशवाहा ने कहा कि बबुईया हरपुर (कांटा टोला) निवासी छोटेलाल कुशवाहा की मौत के बाद परिजनों के साथ गांव के लोग जटहां मार्ग के ठोरी मोड़ पर शव के साथ प्रदर्शन कर डीएम को बुलाकर अपनी बात रखना चाहते थे। धरना स्थल पर पहुंचे एडीएम ने डीएम से फोन पर बात कराई परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
इसके बाद शव के अंतिम संस्कार के लिए परिजन राजी हो गए, लेकिन इस मामले में पुलिस ने परिजनों के साथ गांव के सैकड़ों लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर दिया। इसमें अधिकतर लोग कुशवाहा समाज के हैं। साथ में कुछ स्थानीय मीडिया कर्मियों पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने इस मामले में दर्ज प्राथमिकी को वापस लेने और मृतक छोटेलाल की पत्नी को सरकारी नौकरी दिलाने और परिजनों को 50 लाख रुपये सहायता दिलाने की मांग की।
इस दौरान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष परशुराम कुशवाहा, जिलाध्यक्ष केदारनाथ कुशवाहा, रामअधार कुशवाहा, अमित कुशवाहा, पारशनाथ कुशवाहा, घनश्याम कुशवाहा, बबलू कुशवाहा, किशन कुशवाहा, सोनू राज कुशवाहा आदि मौजूद रहे।