- पता पूछने के बहाने रोका, ध्यान भटकते ही बाइक सवार युवकों ने मारा झपट्टा
- वार्ड नंबर सात सिद्धार्थनगर की घटना, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सपहा। कपड़े पर कीड़ा होने का झांसा देकर बाइक सवार दो युवकों ने महिला का ध्यान भटकाया और गले से सोने की चेन झपटकर भाग गए। मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे किनारे नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर सात सिद्धार्थनगर (मल्लुडीह) में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
नगर पालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर 7, सिद्धार्थ नगर (मल्लूडीह) में मंगलवार सुबह 10.30 बजे नेशनल हाईवे किनारे अपने घर के पास खड़ी रूबीना खातून से बाइक सवार दो युवकों ने चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया। रूबीना ने बताया कि बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और किसी व्यक्ति का पता पूछने लगे। महिला ने जानकारी होने से इन्कार किया तो युवकों ने उनके कपड़े पर कीड़ा होने की बात कहकर ध्यान भटका दिया।
महिला जैसे ही कपड़े की ओर देखने लगीं, बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन खींच ली। इसके बाद बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भाग गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर डायल 112 की पीआरबी टीम पहुंची और छानबीन की। कसया थाने के हल्का दरोगा गणेश प्रजापति ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में बदमाशों के फाजिलनगर की ओर से आने और वारदात के बाद उसी दिशा में भागने की जानकारी मिली है।
थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से चेन छीनने वाले बाइक सवार युवकों की तलाश की जा रही है।