28 अक्तूबर से तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश की आशंका, तैयार फसलें दो दिन में काट लें, न करें खेतों में सिंचाई
पडरौना। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के असर से 28 अक्तूबर से जिले में तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश होने की संभावना है। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही किसानों से तैयार फसलों की कटाई अगले एक-दो दिनों में पूरी कर लेने की अपील की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग और प्रादेशिक मौसम केंद्र, लखनऊ की ओर से जारी विशेष मौसम संदेश के बाद कृषि विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें रबी की फसलों की बोआई से जुड़े कार्य मौसम की प्रतिकूल स्थिति गुजरने के बाद करने की सलाह दी गई है। जिन किसानों ने बोआई की तैयारी कर ली है, उन्हें फिलहाल इंतजार करने को कहा गया है। जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि तेज हवाओं से फसलों को गिरने से बचाने के लिए पौधों की जड़ों के पास मिट्टी चढ़ाएं।
गन्ने की फसल को उचित सहारा देकर बांध दें। खेतों में फिलहाल सिंचाई न करें, ताकि तेज बारिश की स्थिति में जलभराव और फसलों को नुकसान की आशंका कम की जा सके। उन्होंने बताया कि पके हुए मक्के की तत्काल तुड़ाई कर उसे छायादार स्थान पर सुखाने के बाद सुरक्षित भंडारित करें। अन्य तैयार फसलों की भी कटाई कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। खेतों में गिरी फसलों के बंडलों को बांधकर सुरक्षित करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि मौसम की मार से केले और अन्य फलदार पौधों को बचाने के लिए भी विशेष सावधानी बरतें। फल के गुच्छों वाले पौधों को मजबूत सहारा देकर बांधें। इनकी सिंचाई भी फिलहाल स्थगित रखें।