पडरौना। रोडवेज की बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए नकद देना या परिचालक को रेजगारी रखना अब जरूरी नहीं होगा। यात्री अब स्वयं आसानी से यूपीआई के जरिए किराए का भुगतान कर सकेंगे।
डिजिटल पेमेंट करते ही परिचालक की ईटीएम यानी इलेक्ट्राॅनिक टिकटिंग मशीन में संदेश पहुंच जाएगा। इसके बाद परिचालक यात्री को टिकट उपलब्ध करा देंगे। रोडवेज की निगम और अनुबंधित बसों में कई बार बसों में भीड़ होने से परिचालकों को टिकट बनाने के लिए यात्रियों के पास चलकर जाना मुश्किल हो जाता है। उसमें यह यूपीआई की सुविधा मददगार होगी।
यहीं नही भारत इंटरफेस फाॅर मनी यानी भीम एप के माध्यम से यूपीआई आधारित डिजिटल टिकटिंग सिस्टम के प्रयोग पर यात्रियों को कैशबैक भी दिया जाएगा। बस चालकों और परिचालकों को प्रोत्साहित करने की योजना को निगम से अनुमति मिल गई है। निगम बसों में डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के आशय से यूपीआई आधारित व्यवस्था लागू की गई है। इससे यात्रियों को निगम बसों में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए निगम की सभी बसों में यात्रियों की सीट के पीछे यूपीआई स्टीकर लगाए जाएंगे।