तमकुहीरोड। ऐतिहासिक महावीरी अखाड़ा डोल मेले की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। तमकुहीरोड में इस बार डोल मेला एक सितंबर की रात और दो सितंबर को दिन में आयोजित होगा। सभी आठ अखाड़ों में शस्त्र पूजन संपन्न हो चुका है। अखाड़ों के खिलाड़ियों ने अभ्यास और तेज कर दिया है।
महावीरी अखाड़ा डोल मेले में आठ अखाड़े शामिल होते हैं। मेले में सभी आठ अखाड़ों के खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हैं। साथ ही भगवान हनुमान की प्रतिमाओं की भव्य झांकियां निकाली जाती हैं। झांकियों में दूर-दराज से पहुंचे कलाकार विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देते हैं। मेले को देखने के लिए पूर्वांचल के साथ ही यूपी-बिहार सीमा क्षेत्र के कई जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस वर्ष एक सितंबर की रात और दो सितंबर को दिन में आयोजित होने वाले मेले को लेकर अखाड़ों में तैयारियां तेज हो गई हैं। शस्त्र पूजन संपन्न होने के बाद खिलाड़ियों ने अभ्यास का समय बढ़ा दिया है। मंगलवार की रात भी विभिन्न अखाड़ों में खिलाड़ियों ने खेल कौशल का अभ्यास किया। खिलाड़ियों का कहना है कि मेले में बेहतर प्रदर्शन के लिए अभ्यास आयोजन तक जारी रहेगा।