पडरौना। होटल संचालक पर धारदार हथियार से हमला करने वाले मंटू झमेला समेत चार लोगों पर पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। होटल में अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने को लेकर हो रही पंचायत के दौरान कुशीनगर गेट पर दोनों गुटों में विवाद हुआ था।
पुलिस इसकी गहनता से जांच करें तो होटल संचालन की आड़ में चलने वाले खेल का पर्दाफाश होने के साथ कई चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। होटलों की गतिविधियों की जांच समय-समय पर पुलिस करती तो है, लेकिन कुछ मिलता नहीं है। होटल संचालकों की सेटिंग इतनी तगड़ी है कि छापेमारी से पहले ही उन तक सूचना पहुंच जाती है और वे सतर्क हो जाते हैं।
गोपालगढ़ गांव निवासी होटल संचालक 27 वर्षीय नवीन राव पर कुशीनगर गेट पर दो गुटों के विवाद में धारदार हथियार से बदमाशों ने हमला कर दिया। मामला बढ़ता देख सक्रिय हुई पुलिस ने कसया नगर के गोला बाजार निवासी मंटू मद्धेशिया उर्फ झमेला, करन सोनकर, गोपालगढ़ निवासी आकाश मिश्रा सत्यम सिंह पर हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया। आकाश, मंटू और करन पर कसया थाने में कई केस पहले से दर्ज है। मंटू मद्धेशिया उर्फ झमेला का एक गुट है, जो अक्सर विवादों के कारण चर्चा में रहता है। सूत्रों की मानें तो कुशीनगर में कई गुटों से जुड़े युवक होटल और लॉज को किराए पर लेकर इसे संचालित कर रहे हैं।
ऐसे ही एक होटल में अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने पर विवाद शुरू हुआ। शुक्रवार को मारपीट की नौबत आ गई। अवैध गतिविधियों में संलिप्त होटल संचालकों पर पुलिस भी शिकंजा कसने सेे कतराती है, कसया और कुशीनगर के अलावा हाईवे पर पकवा इनार से बरवा फार्म तक कई ऐसे भवन हैं, जिसे होटल का रूप देकर गलत काम कराए जा रहे हैं। हैरत की बात यह है कि गोपनीय छापेमारी की सूचना भी लीक हो जाती है और होटल संचालक सतर्क हो जाते हैं। जांच की खानापूर्ति कर पुलिस को लौटना पड़ता है। युवाओं का कई गुट होटल संचालन की आड़ में गलत गतिविधियों में जुटा है।
सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि आपसी गुटबाजी को लेकर विवाद हुआ है। समय-समय पर होटलों की जांच की जाती है। होटल संचालकों को शिकायत मिलने पर चेतावनी दी जाती है।