कुशीनगर/नेबुआ नौरंगिया। स्थानीय विकास खंड के रामपुर खुर्द गांव में मनरेगा के तहत तीन पोखरों पर मिट्टी कार्य हो रहा है। मस्टररोल में 167 मजदूरों को काम करता दिखाया गया है। शुक्रवार को जब ग्रामीण मौके पर एक भी मजदूर काम करते हुए नहीं मिला।
ग्रामीणों ने इसकी फोटो खींचकर बीडीओ से शिकायत की है। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय जिम्मेदारों के साठगांठ से यह खेल चल रहा है। कप्तानगंज, दुदही ब्लॉक में मामला पकड़े जाने के बाद भी इसमें शामिल कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, जिससे मनरेगा में धांधली की शिकायत जिले में बढ़ती जा रही है। दुदही ब्लॉक में कार्रवाई के नाम पर सिर्फ मस्टररोल निरस्त किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के रामपुर खुर्द गांव में 167 मनरेगा मजदूरों का मस्टररोल निकाला गया था, लेकिन मौके पर एक भी मजदूर शुक्रवार को काम करते हुए नहीं मिले। इसकी फोटो खींच ली गई। इस मामले में जब गांव के प्रधान प्रभुनाथ कुशवाहा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि तबीयत खराब होने के कारण मजदूर काम पर नहीं आए।
बीडीओ आरके सेठ ने बताया कि मामला संज्ञान में है। एपीओ को जांच के लिए निर्देश दिया गया है। गांव वालों ने इसकी शिकायत की थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।