पडरौना। जिले में एक सप्ताह से सूरज की तपिश के बाद शुरू हुई गर्मी से लोगों को एक राहत मिलने वाली है। 10 से 12 अप्रैल के बीच दो से पांच एमएम तक बारिश हो सकती है, लेकिन उमस भरी गर्मी बनी रहेगा। इस दौरान 15 से 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। हवा चलने के दौरान मौसम सुहाना महसूस होगा।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग की तरफ से जिले के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। उसमें जिले में मौसम में तेजी से बदलवा होने की संभावना जताई गई है। उन्होंने बताया कि पूर्वानुमान अवधि के दौरान मौसम का अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 82 से 90 प्रतिशत और शाम के समय सापेक्षिक आर्द्रता 45 से 52 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। 15 से 19 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज पूर्वी हवा चलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पूर्वानुमान की अवधि में आसमान में हल्के से मध्यम बादल देखे जा सकते हैं। इस अवधि में तराई तथा मैदानी भागों में बिजली गिरना और तेज हवा 15-20 किलोमीटर प्रति घंट के साथ हल्की वर्षा या बूदाबांदी की संभावना है। यह आसार 10-12 अप्रैल के बीच रहने का अनुमान है। हल्की वर्षा दो से पांच एमएम हो सकती है। उन्होंने बताया कि मौसम के पूर्वानुमान के दौरान तेज पूर्वी हवाओं और बूदाबांदी को देखते हुए किसानों को खेत में कटाई, मड़ाई और सूखाने के कार्यों से बचना चाहिए।