कसया। थाना क्षेत्र के माधोपुर मठिया में बुधवार की रात एक हार्डवेयर की दुकान से मोटर, ड्रैसिंग, सिंक, नकद समेत लाखों रुपये का सामान चोरी का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पर कसया पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लेते हुए जांच में जुट गई है।
मठिया माधोपुर के टोला मठिया निवासी पवन गुप्ता ग्राम सभा के मठिया (भिरगुन) चौराहे पर किराये की मकान में हार्डवेयर की दुकान संचालित करते है। बृहस्पतिवार की सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान के छत का कटरैन हटाकर उसमें से सामान चोरी किया गया है। दुकानदार ने जब दुकान में छानबीन किया तो उसमें से करीब आठ मोटर, तीन पीस सिंक, चार पीस ड्रेसिंग सहित नकद 6 हजार रुपये का चोरी हुआ है। घटना की सूचना तत्काल दुकानदार ने स्थानीय पुलिस को दी। जिसपर हल्का दरोगा उदयभान मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी करते हुए जांच में जुट गई। इस संबंध में एसओ कसया अभिनव मिश्रा ने बताया कि चोरी संदिग्ध लग रहीं है। जांच की जा रहीं है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।