रामकोला। क्षेत्र के रामपुर बगहा में 22 वर्षीय जितेन्द्र की इंसेफेलाइटिस से मौत हो जाने और दो लड़कों के बीमार होने से परिवार के लोग दहशत में हैं।
चार साल पहले इस परिवार के एक सदस्य की इंसेफेलाइटिस से ही मौत हो गई थी। रामपुर बगहा निवासी हरिप्रसाद के 22 वर्षीय बेटे को इंसेफेलाइटिस की वजह से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान जितेन्द्र की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उनके बड़े बेटे रामप्रताप की मौत चार साल पहले इंसेफेलाइटिस से हो गई थी।
अब इंसेफेलाइटिस से ही दूसरे बेटे जितेन्द्र की मौत होने से परिवार के लोग भयभीत हैं। उन्होंने बताया कि बेटा दीपक और आकाश भी बीमार हैं। जिनका इलाज पीजीआई से करा रहे हैं।
चार बच्चों में से दो की मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। उनका कहना है कि क्षेत्र में जलनिकासी के लिए कोई जगह नहीं है।
जलभराव होने के कारण घर के बाहर लगे साधारण हैंडपंप से दूषित पानी निकल रहा है। परिवार के लोगों को इसी हैंडपंप का पानी पीने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
इसके कारण परिवार के सदस्य इंसेफेलाइटिस की चपेट में आ रहे हैं। इस संबंध में सीएमओ डॉक्टर अखिलेश कुमार का कहना है कि इस तरह की कोई जानकारी उन्हें नहीं है। बुधवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी जाएगी।