गोड़रिया बाजार। शादी में गए युवक की सीने में चोट लगने से मौत की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होने के बाद पुलिस घटना का तार सर्विलांस की मदद से जोड़ने में जुटी है। मृतक के भाई ने पहले ही हत्या का संदेह जताया था और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी, जिस पर पुलिस ने मजिस्ट्रेट के आदेश पर कब्र से शव को निकालकर पोस्टमार्टम कराया।
विशुनपुरा क्षेत्र के बंगाली पट्टी गांव के टिकुलिया टोला निवासी 25 वर्षीय शाहिद नौ फरवरी को गांव से बरवा पट्टी थाना क्षेत्र में गई बारात में शामिल होने गया था। देर रात को घर आया और सुबह बिस्तर पर मृत हालत में घर वालों ने देखा। सूचना पर गांव वालों की भीड़ जुट गई और आनन-फानन शव को दफना दिया गया। इसकी जानकारी होने पर मृतक का भाई मकसूद घर आए और मामले की जानकारी करने पर पुलिस को तहरीर देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग किया।